पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला, अमृतसर से पठानकोट जा रहे थे

पंजाब में पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर शुक्रवार सुबह हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक बटाला के नजदीक घसीटपुर में कुछ लोगों ने बिट्टू के काफिले पर अंडे और पत्थर मारे हैं। हालांकि इस घटना के दौरान बिट्टू को कोई चोट नहीं आई और वे पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

पठानकोट जाते हुए रास्ते में हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक यह हमला उस दौरान हुआ जब रवनीत बिट्टू अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद पठानकोट जा रहे थे। इसी दौरान बटाला में उनके काफिले पर पथराव और अंडे फेंके गए। इस घटना के बाद बिट्टू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी की है।

बिट्टू ने AAP पर लगाए आरोप
घटना के बाद रवनीत बिट्टू ने आरोप लगाया कि हमला आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया। उन्होंने दावा किया कि अंडे और पत्थर फेंकने वाले दो लोगों को पकड़ा गया है और उन्हें पुलिस के हवाले किया जाएगा। उन्होंने इस मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से फोन पर बात की है।

मैं किसी से डरने वाला नहीं- बिट्टू
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस घर में वह मौजूद थे, उसके बाहर भी बड़ी संख्या में लोग जमा थे। वह किसी से डरने वाले नहीं हैं। अगर उनकी जान-माल को कोई नुकसान पहुंचता है तो इसके लिए पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा। मामले में पुलिस की तरफ से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *