कनाडा में 29 साल के पंजाबी युवक की हत्या, बीच-बचाव के दौरान चाकू से हमला

कनाडा के मिसिसॉगा में एक पंजाबी युवक की चाकू से हमला किए जाने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान 29 वर्षीय जगजीत सिंह संधू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हमले में उसकी गर्दन की नसें कट गई थीं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ICU में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

बीच-बचाव करने के दौरान हुआ हमला
मृतक की बहन जसप्रीत कौर के मुताबिक, घटना 6 सितंबर की है। उनका दावा है कि जगजीत सिंह एक अन्य पंजाबी युवक के साथ की जा रही कथित नस्लीय टिप्पणी का विरोध करते हुए बीच-बचाव कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में जगजीत की गर्दन पर गंभीर चोट लगी और नसें कट गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी।

दिमाग तक ऑक्सीजन नहीं पहुंचने से बिगड़ी हालत
परिवार के मुताबिक, डॉक्टरों ने बताया कि गर्दन की नसें कटने के कारण जगजीत के दिमाग तक ऑक्सीजन की सप्लाई बाधित हो गई थी। कुछ समय तक ICU में इलाज चलने के बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी।

पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने अब कार्रवाई करते हुए 42 वर्षीय लोरेना सांचेज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम और हमले के कारणों की जांच कर रही है। परिवार की ओर से दावा किया गया है कि जगजीत सिंह ने दूसरे पंजाबी युवक को कथित नस्लीय टिप्पणी से बचाने के लिए हस्तक्षेप किया था। पुलिस जांच में हमले की परिस्थितियों और इसके पीछे की वजहों से जुड़े तथ्यों के सामने आने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *