होशियारपुर में गुरुवार सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक निजी स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। मुरादपुर गांव के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेतों में पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। बस के पलटते ही अंदर मौजूद बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
स्कूटर चालक को बचाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार निजी स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जब बस मुरादपुर गांव के पास पहुंची, तभी सड़क पर एक स्कूटर चालक सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन को सड़क के किनारे की तरफ मोड़ दिया।
इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर खेतों में पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीर और गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में मदद की।
2 से 3 बच्चों को आई चोटें
हादसे में करीब 2 से 3 बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि हादसा बड़ा होने के बावजूद किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं लगी। हादसे के बाद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्कूल और उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। बच्चों के परिजन भी घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बस चालक की लापरवाही से हादसा हुआ या स्कूटर चालक को बचाने के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई। जांच के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









