पंजाब के गुरदासपुर में रिश्ते के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मामला उस वक्त सामने आया जब एक युवती ने अपने ही बॉयफ्रेंड को मिलने के लिए बुलाया और उसके बाद कुछ युवकों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी घटना के पीछे रिश्ते में आया विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में 16 साल की नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया है, जबकि उसके साथियों की तलाश की जा रही है।
युवक को हो गया था लड़की के दूसरे रिश्तों का पता
पुलिस के मुताबिक मृतक युवक को कथित तौर पर पता चल गया था कि उसकी गर्लफ्रेंड के उसके अलावा भी कुछ अन्य युवकों से संबंध थे। इसके बाद युवक ने उससे दूरी बनाने और रिश्ता खत्म करने का फैसला कर लिया था। युवक का यह फैसला लड़की को मंजूर नहीं था। जब उसे पता चला कि उसका बॉयफ्रेंड रिश्ता खत्म करके उससे अलग होना चाहता है, तो उसने उसे मिलने के लिए बुलाया।
मिलने के बहाने बुलाया, फिर दूसरे युवक पहुंचे
पुलिस जांच के अनुसार लड़की ने युवक को एक जगह मिलने के लिए बुलाया। इसी दौरान वहां कुछ अन्य युवक भी पहुंच गए। आरोप है कि इन युवकों ने युवक को घेर लिया और उसकी बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। आखिरकार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पूछताछ में लड़की ने कहा- मारने के लिए नहीं कहा था
मामले में पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान लड़की ने पुलिस को बताया कि उसने युवकों को केवल अपने बॉयफ्रेंड के हाथ-पैर तोड़ने के लिए पैसे दिए थे। उसका दावा है कि उसने युवक की जान लेने के लिए नहीं कहा था। हालांकि, पुलिस इस बयान की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे पूरी साजिश क्या थी और युवक पर हमला किस तरह किया गया।
मामले की जांच के लिए SIT गठित
गुरदासपुर के SP के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन कर दिया गया है। पुलिस नाबालिग लड़की से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जल्द ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।









