राजा वड़िंग का इस्तीफे पर पहला बयान, बोले- ‘सही समय आने पर सब बता देंगे’

पंजाब कांग्रेस में संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव सामने आया है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी हाईकमान की ओर से नेतृत्व में बदलाव का फैसला सामने आने के बाद वड़िंग ने इस्तीफा दिया। अब पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मौजूदा समय में विजय इंदर सिंगला का नाम प्रमुख दावेदारों में बताया जा रहा है।

दिल्ली में हाईकमान के साथ होगी अहम बैठक
पंजाब कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव के बीच पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली में हाईकमान के साथ बैठक होने की बात सामने आई है। इस बैठक में सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, सांसद चरणजीत सिंह चन्नी और राजा वड़िंग के शामिल होने की जानकारी है।

पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर वरिष्ठ नेताओं के बीच विचार-विमर्श चल रहा है। विजय इंदर सिंगला के अलावा कई अन्य नेताओं के नाम भी चर्चा में बताए जा रहे हैं। इनमें परगट सिंह, राणा केपी सिंह, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, चरणजीत सिंह चन्नी और सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम शामिल हैं।

इस्तीफे पर पहली बार बोले राजा वड़िंग
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की चर्चाओं के बीच राजा वड़िंग पहली बार मीडिया के सामने आए। जब पत्रकारों ने उनसे इस्तीफे को लेकर सवाल किया तो उन्होंने सीधे तौर पर इसकी पुष्टि या खंडन नहीं किया। अगर मीडिया को पहले से पता है तो फिर उनसे क्यों पूछा जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि पार्टी से जुड़ी कुछ बातें आंतरिक होती हैं और सही समय आने पर वह खुद मीडिया को पूरी जानकारी देंगे।

चन्नी बोले- अध्यक्ष बदलने का फैसला हाईकमान का
जालंधर से सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर कहा कि यह फैसला कांग्रेस हाईकमान का अधिकार है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी तय करेंगे कि पंजाब कांग्रेस में किस नेता को जिम्मेदारी दी जानी है। पार्टी में समय-समय पर संगठनात्मक फेरबदल होते रहते हैं। ऐसे में अध्यक्ष को बदलना है या नहीं, इसका फैसला भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को ही करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *