जालंधर में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, 3 मेडिकल स्टोर और 2 पार्कों में पुलिस की दबिश

पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत जालंधर पुलिस इस समय पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में आज शहर के वेस्ट हलके में पुलिस और सेहत विभाग की संयुक्त टीमों ने एक बड़ा कॉसो (CASO) ऑपरेशन चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने जगदंबे मेडिकल स्टोर समेत तीन प्रमुख दवाइयों की दुकानों, दो सार्वजनिक पार्कों और एक नशा मुक्ति केंद्र पर अचानक दबिश दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत एक व्यक्ति गिरफ्तार
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया गया है।

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि पुलिस को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग पार्कों में बैठकर नशा करते हैं और संदिग्ध गतिविधियां चलाते हैं। इसी सूचना के आधार पर आज वेस्ट हलके में विशेष सर्च अभियान चलाया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और उससे पूछताछ की जा रही है।

दवाइयों की दुकानों पर खंगाले गए स्टॉक और दस्तावेज
अभियान के दौरान सेहत विभाग की टीम भी पूरी तरह सक्रिय रही। ड्रग इंस्पेक्टर अमित बंसल ने पुलिस बल के साथ मिलकर तीनों मेडिकल स्टोरों पर गहन छानबीन की।

ड्रग इंस्पेक्टर अमित बंसल ने बताया कि दुकानों के स्टॉक रजिस्टर और तमाम लीगल दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई है। हालांकि, शुरुआती जांच में इन दुकानों से फिलहाल कोई संदिग्ध या प्रतिबंधित दवाई बरामद नहीं हुई है, लेकिन नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए यह अभियान शहर के अन्य हिस्सों में भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *