कनाडा में 23 साल के पंजाबी युवक की हत्या, वारदात से 1 KM दूर मिली जलती हुई गाड़ी

कनाडा में पंजाबी युवक की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली में 23 वर्षीय जीवन जोहल की उसकी लग्जरी रेंज रोवर गाड़ी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, जीवन का संबंध कथित तौर पर ‘ब्रदर्स कीपर्स’ गैंग से था। उसे और उसकी पत्नी को पहले ही संभावित खतरे को लेकर चेतावनी दी गई थी। फिलहाल, पुलिस इस मामले को लेकर जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

कैक्टस क्लब कैफे के बाहर मारी गईं गोलियां
यह घटना 5 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है। लैंगली में स्थित कैक्टस क्लब कैफे के बाहर सफेद रंग की लग्जरी रेंज रोवर खड़ी थी। इसी दौरान गाड़ी के अंदर बैठे जीवन जोहल पर दो हमलावरों ने गोलियां चला दीं। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर मिली जलती हुई गाड़ी
पुलिस को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर एक जलती हुई गाड़ी भी बरामद हुई। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने सबूत मिटाने के इरादे से गाड़ी को आग लगाई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस गाड़ी और जीवन जोहल की हत्या के बीच संबंध की पुष्टि नहीं की है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद गाड़ी का वारदात से कोई सीधा संबंध है या नहीं।

जीवन जोहल को पहले ही दी गई थी खतरे की चेतावनी
पुलिस के मुताबिक, जीवन जोहल और उसकी पत्नी को संभावित खतरे के संबंध में पहले चेतावनी दी गई थी। इसके अलावा, जीवन का कथित तौर पर ‘ब्रदर्स कीपर्स’ गैंग से संबंध होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब उसके आपराधिक संपर्कों और गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

हत्या के पीछे किसका हाथ? जांच में जुटी टीम
मामले की जांच इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) कर रही है। जांच टीम हमलावरों की पहचान करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी और इसके लिए किसने साजिश रची। फिलहाल, मुख्य साजिशकर्ता और हत्या के मकसद को लेकर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *