पंचकूला के नामी स्कूल में खौफनाक घटना, KG की बच्ची को 96 सेकेंड तक पीटता रहा छात्र

हरियाणा के पंचकूला स्थित एक प्रसिद्ध स्कूल में छोटी बच्ची के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। यहां KG में पढ़ने वाली छात्रा पर तीसरी कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर बेरहमी से हमला कर दिया। आरोप है कि छात्र ने पहले बच्ची का सिर बेंच पर मारा, फिर उसके चेहरे पर लात-घूंसे बरसाए और बाल पकड़कर घसीटा। इसके बाद ईंट से उसके सिर पर कई वार किए। इस पूरी घटना का वीडियो क्लासरूम में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया।

बेंच पर सिर पटका, ईंट से भी किए कई वार
जानकारी के अनुसार, CCTV फुटेज में तीसरी कक्षा का छात्र KG की बच्ची के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि उसने बच्ची का सिर बेंच पर पटका और उसके चेहरे पर 19 बार लात-घूंसे मारे। इसके बाद बाल पकड़कर उसे घसीटा और ईंट से उसके सिर पर 12 बार हमला किया। घटना की फुटेज बेहद विचलित करने वाली बताई जा रही है। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भी वीडियो देखने के बाद कहा कि इसे पूरा देखना भी मुश्किल है। उन्होंने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।

ऑटो ड्राइवर लेने पहुंचा तो स्कूल में नहीं मिली बच्ची
घटना का पता उस समय चला जब ऑटो ड्राइवर बच्ची को लेने के लिए स्कूल पहुंचा। वहां बच्ची नहीं मिली तो उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्य तुरंत स्कूल पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू कर दी।

बच्ची के चाचा के मुताबिक, जिस छात्र पर हमला करने का आरोप है, उसी ने उन्हें बताया कि बच्ची कहां पड़ी हुई है। इसके बाद परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है।

शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के निर्देश
CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया है। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने घटना पर संज्ञान लेते हुए जांच कमेटी गठित करने को कहा है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि स्कूल परिसर में इतनी गंभीर घटना कैसे हुई और घटना के दौरान स्कूल स्टाफ की क्या भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *