जालंधरवासियों अगर आप आज पटरियों के रास्ते राजधानी दिल्ली की सैर पर निकलने की सोच रहे हैं, तो अपना बैग उठाने से पहले इस खबर को एक बार जरूर पढ़ लीजिए। वर्ना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुँचकर आपको अपने माथे पर हाथ रखना पड़ जाएगा!
राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज (10 अक्टूबर) होने जा रहे भारी विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा के कड़े पहरे के चलते रेलवे प्रशासन ने एक बहुत बड़ा और सख्त फैसला लिया है। दिल्ली में आज सुबह 4 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे के बीच का समय ऐसा है, जब पहियों की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया गया है। नई दिल्ली और हज़रत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली 250 से ज़्यादा मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
CJP प्रदर्शन का दिखा पंजाब में असर
इस सियासी और प्रशासनिक तूफान का सीधा असर पंजाब पर भी पड़ा है। अकेले जालंधर से दिल्ली जाने वाली 47 ट्रेनों को अचानक रद्द कर दिया गया है। हां, अगर आप ‘शताब्दी एक्सप्रेस’ से सफर करने की सोच रहे थे, तो आपके लिए थोड़ी राहत की खबर जरूर है-शताब्दी का पहिया थमा नहीं है!
लंबी दूरी की इन गाड़ियों पर लटकी तलवार
जंतर-मंतर के इस हंगामेदार प्रदर्शन के कारण उत्तर भारत के कई बड़े शहरों से दिल्ली का संपर्क कट सा गया है। रेलवे द्वारा जारी की गई लंबी-चौड़ी लिस्ट में ये प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं, जिन्हें पूरी तरह रद्द कर दिया गया है:
- अमृतसर से नई दिल्ली: ट्रेन नंबर 12014
- कालका से नई दिल्ली: ट्रेन नंबर 12006
- जम्मू तवी से नई दिल्ली: ट्रेन नंबर 12426
- श्री माता वैष्णो देवी कटरा से नई दिल्ली: ट्रेन नंबर 12446, 22462 और 04082
- श्री गंगानगर से तिलक ब्रिज: ट्रेन नंबर 14727
- सिरसा से तिलक ब्रिज: ट्रेन नंबर 15308









