मां बगलामुखी के दर्शन को निकले थे 8 श्रद्धालु, नाले के तेज बहाव में बह गई कार; सभी की मौत

मध्य प्रदेश के आगर मालवा में बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। नलखेड़ा के पास मां बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक कार बरसाती नाले के तेज बहाव की चपेट में आ गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि कार देखते ही देखते नाले में बह गई। हादसे में कार सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।

मंदिर के पास नाला पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु कार में सवार होकर मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। मंदिर के पास पहुंचने के दौरान उन्हें बरसाती नाला पार करना था। इसी दौरान तेज बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी बढ़ गया और कार अचानक पानी की चपेट में आ गई। कार कुछ ही पलों में तेज बहाव के साथ नाले में बह गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ओडिशा से दर्शन के लिए आए थे श्रद्धालु
पुलिस स्टेशन के प्रभारी शशि उपाध्याय के मुताबिक, हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर नलखेड़ा कस्बे में बगलामुखी मंदिर के पास हुआ। कार में ओडिशा से आए श्रद्धालु सवार थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद नलखेड़ा पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम ने कार और उसमें सवार लोगों की तलाश कर शवों को बाहर निकाला। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *