जालंधर के माईं हीरां गेट में चोरों का आतंक! तीसरी बार चोरी, अब बुक शॉप से 5 हजार उड़ाए

जालंधर के माईं हीरां गेट मार्केट में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बाजार में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है, जहां चोर किरण बुक शॉप को निशाना बनाकर तिजोरी से 5 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। दुकानदारों का दावा है कि मार्केट में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी वारदात को ट्रेस नहीं किया जा सका है। लगातार हो रही चोरी से व्यापारियों में चिंता और रोष पाया जा रहा है।

काउंटर से कूदकर तिजोरी तक पहुंचा चोर
CCTV फुटेज में कथित तौर पर एक चोर दुकान के काउंटर से कूदकर अंदर जाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह तिजोरी के पास पहुंचता है और पेचकस की मदद से उसे खोलने की कोशिश करता है। तिजोरी से नकदी निकालने के बाद आरोपी वहां से फरार हो जाता है। चोर तिजोरी में रखे करीब 5 हजार रुपये ले गया, जबकि वहां मौजूद सिक्कों को उसने हाथ तक नहीं लगाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात को एक ही व्यक्ति ने अंजाम दिया।

फोन आने पर दुकान पहुंचे साहिल आनंद
मामले की जानकारी देते हुए साहिल आनंद ने बताया कि उन्हें दुकानदार का फोन आया था। दुकानदार ने बताया कि दुकान का शटर खुला हुआ है। सूचना मिलने के बाद वह अपने कर्मचारी के साथ दुकान पर पहुंचे। अंदर जाकर तिजोरी की जांच की गई तो पता चला कि उसमें रखी 5 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इसके बाद CCTV फुटेज देखी गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना कैद होने की बात सामने आई।

पहले भी कई दुकानों को बना चुके हैं निशाना
दुकानदार ने बताया कि माईं हीरां गेट मार्केट में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पहले आटे की चक्की को निशाना बनाया गया और उसके बाद चार दुकानों में चोरी होने की बात सामने आई थी। अब किरण बुक शॉप में चोरी की घटना ने कारोबारियों की चिंता और बढ़ा दी है।

दुकानदारों ने खुद सुरक्षा व्यवस्था करने की उठाई मांग
मार्केट में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद दुकानदार अब अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर हो गए हैं। उनका कहना है कि मार्केट एसोसिएशन को मिलकर सुरक्षा गार्ड तैनात करने चाहिए। यदि सामूहिक व्यवस्था नहीं बनती, तो दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों के बाहर निजी सुरक्षा गार्ड लगाने के बारे में सोचना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *