होशियारपुर जेल में कुख्यात गैंगस्टर की मौत, ट्रिपल मर्डर केस में था बंद

होशियारपुर की सेंट्रल जेल में बंद खतरनाक गैंगस्टर भूपेश चोपड़ा की अचानक मौत होने का मामला सामने आया है। मूल रूप से फिरोजपुर का रहने वाला भूपेश चोपड़ा बहुचर्चित फिरोजपुर ट्रिपल मर्डर केस का मुख्य आरोपी था। जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 8 बजे जेल के भीतर उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होती देख जेल प्रशासन ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कुछ दिन पहले ही किया गया था जेल शिफ्ट
भूपेश चोपड़ा एक आदतन अपराधी था और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी सहित करीब एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। उसे कुछ दिन पहले ही सुरक्षा कारणों से होशियारपुर सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया था। मौत की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

मौत के कारणों पर सस्पेंस, होगी न्यायिक जांच
अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल मौत की सही वजह साफ नहीं हो सकी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि मौत के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा सके।

फिरोजपुर ट्रिपल मर्डर से जुड़ा था मामला
भूपेश चोपड़ा उर्फ आशीष चोपड़ा की मौत के साथ ही फिरोजपुर का चर्चित 3 सितंबर 2024 का तिहरा हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस में वह मुख्य आरोपी था। वारदात के बाद से ही वह पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने 12 मार्च 2026 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *