अमृतसर में रेकी के शक में निहंग को पकड़ा, जमकर हुई मारपीट; महिला SHO से बदसलूकी का आरोप

अमृतसर में दो निहंग गुटों के बीच विवाद के बाद हंगामा हो गया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर धरने पर बैठे निहंग सिंहों ने मेजर सिंह पेटेवाड़ ग्रुप से जुड़े एक निहंग सिंह को रेकी करने के शक में रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर निहंग सिंह के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और थप्पड़ भी मारे।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना गेट हकीमा की SHO मनजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घायल निहंग सिंह को प्रदर्शनकारियों के बीच से निकालने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और धरने पर बैठे लोगों के बीच भी खींचतान की स्थिति बन गई।

मारपीट के दौरान खुली पगड़ी, पुलिस से भी बहस
घटना के दौरान कुछ लोगों द्वारा निहंग सिंह के साथ मारपीट करने और उसकी पगड़ी खोलने का वीडियो सामने आने की बात कही जा रही है। आरोप है कि घायल निहंग को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची महिला SHO मनजीत कौर के साथ भी कुछ प्रदर्शनकारियों ने बदसलूकी की।

घायल निहंग को पुलिस थाने ले गई
हंगामे के बीच पुलिस ने घायल निहंग सिंह को प्रदर्शनकारियों के कब्जे से छुड़ाया और अपनी गाड़ी में बैठाकर थाना गेट हकीमा ले गई। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। विवाद की वजह और दोनों पक्षों के आरोपों को लेकर पुलिस जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *