नवांशहर में फ्लाईओवर से पलटी बस, हादसे में 3 की मौत

नवांशहर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बंगा के मजारी गांव के पास एक निजी कंपनी की बस फ्लाईओवर से नीचे पलट गई। हादसे में बस कंडक्टर समेत 3 लोगों की मौत होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि बस मनाली से वापस लौट रही थी और इसमें लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्र सवार थे।

नींद की झपकी आने से बिगड़ा बस का संतुलन
जानकारी के मुताबिक हादसा बस ड्राइवर को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि ड्राइवर का बस पर से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद तेज रफ्तार बस फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
बस के फ्लाईओवर से नीचे गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घटना की सूचना पुलिस को दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

ड्राइवर मौके से फरार, पहचान की जांच जारी
हादसे के बाद बस ड्राइवर के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले लोगों और घायलों की पूरी पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और बस में सवार यात्रियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *