‘ED जल्द पर्दाफाश करेगी’, OSD राजबीर मामले को लेकर चन्नी का बड़ा बयान; झोटा केस पर भी घेरा

जालंधर से सांसद और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड और मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मन से जुड़े मामले को लेकर पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। चन्नी ने झोटा की हत्या को राज्य में नशे की समस्या से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नशा खत्म करने के दावों पर सवाल उठाए। इसके साथ ही उन्होंने ED की कार्रवाई का हवाला देते हुए OSD राजबीर से जुड़े मामले में भी सरकार को घेरा।

‘नशे के खिलाफ लड़ने वाले की ही हत्या’, चन्नी ने उठाए सवाल
मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद चन्नी ने कहा कि झोटा पंजाब में नशे की समस्या के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे। उनके मुताबिक, झोटा पर हुई फायरिंग राज्य में नशे की समस्या की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है।

चन्नी ने आरोप लगाया कि यह घटना मुख्यमंत्री भगवंत मान के उन दावों के विपरीत है, जिनमें पंजाब से नशे की समस्या खत्म करने की बात कही जाती है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले व्यक्ति की कथित तौर पर नशे के कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा हत्या किया जाना गंभीर सवाल खड़े करता है।

AAP सरकार पर नशा तस्करों और गैंगस्टरों को बचाने का आरोप
सांसद चन्नी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर आरोप लगाया कि वह नशा तस्करों और गैंगस्टरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में ऐसे तत्वों को संरक्षण मिल रहा है और पंजाब के हालात चिंताजनक हैं।

OSD राजबीर मामले में ED की कार्रवाई का किया जिक्र
चन्नी ने मुख्यमंत्री के OSD राजवीर सिंह घुम्मन से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि ED ने इस मामले में कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब को नुकसान पहुंचाने और राज्य को लूटने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उम्मीद है कि ED की जांच से मामले से जुड़े तथ्य सामने आएंगे और जिम्मेदार लोगों का पर्दाफाश होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *