LPU में 22 घंटे के बवाल के बाद बड़ा कदम, पूरे मामले की CBI जांच के लिए हाईकोर्ट में PIL

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुई हिंसा का मामला अब पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया है। इस मामले में जनहित याचिका दायर कर पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की गई है। चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा और जस्टिस रोहित कपूर की बेंच के सामने तत्काल सुनवाई के लिए पेश किया गया। बेंच ने मामले की सुनवाई बुधवार को करने पर सहमति जताई है।

‘किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा’ – DGP
DGP ने कहा कि यूनिवर्सिटी में छात्रों की सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए थी। अगर जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई निश्चित है। उन्होंने SSP को पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। DGP के मुताबिक जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर जांच में यूनिवर्सिटी के उच्चाधिकारियों की कोई लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

LPU में इंटरनेट बंद, भड़काऊ वीडियो रोकने के लिए कदम
हंगामे के बाद LPU और आसपास के क्षेत्र में इंटरनेट सेवा पर रोक लगाए जाने की बात सामने आई है। इसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो और सामग्री के प्रसार से स्थिति को दोबारा बिगड़ने से रोकना बताया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी मामले का संज्ञान लिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

10 दिन बंद रहेगी यूनिवर्सिटी, मिड-टर्म एग्जाम स्थगित
हंगामे के बाद LPU ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं निलंबित कर दी हैं। यूनिवर्सिटी ने मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। छात्रों को सलाह दी गई है कि जो घर जाना चाहते हैं, वे अपने माता-पिता को बुलाकर जा सकते हैं। वहीं, कैंपस में रुकने वाले छात्रों से बिना जरूरी काम हॉस्टल से बाहर न निकलने को कहा गया है।

हाईवे पर घंटों रहा जाम, कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे को कई घंटों तक जाम रखा। कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव के दौरान पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की, जबकि प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव और वाहनों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आईं। हाईवे पर यातायात बाद में बहाल कर दिया गया।

रेप के आरोप की जांच के लिए FIR और SIT
सोशल मीडिया पर छात्रा से कथित रेप की जानकारी फैलने के बाद छात्र प्रदर्शन पर उतर आए थे। पुलिस ने छात्रों की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेप की FIR दर्ज की है और मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है। हालांकि, LPU प्रबंधन ने वायरल दावों को निराधार और अफवाह बताया है। पुलिस भी मामले के तथ्यों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *