अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले बड़ा फैसला, झोटा हत्याकांड की जांच CBI को सौंपी

मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में पंजाब सरकार ने जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। परिवार लंबे समय से मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा था।

परिवार की मांग पर CBI को सौंपा जाएगा केस
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी पोस्ट में कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे परविंदर सिंह झोटा के पिता और उनके परिवार के साथ सरकार मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि परिवार की मांग को स्वीकार करते हुए मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जा रही है।

सीएम मान ने कहा कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ सरकार की लड़ाई जारी रहेगी। पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार जरूरी और सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी।

मेडिकल स्टोर पर नशा बेचने का विरोध करने पर हुई थी हत्या
जानकारी के मुताबिक, 13 अक्टूबर को मानसा में मेडिकल स्टोर पर कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री का विरोध करने के दौरान परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से ही परिवार दोषियों को सजा दिलाने और मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहा था। 

8 दिन से सिविल अस्पताल में रखा है शव
परिवार ने न्याय मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं करने का फैसला किया था। इसके चलते परविंदर सिंह झोटा का शव मानसा के सिविल अस्पताल में रखा हुआ था। मंगलवार को सीबीआई जांच की घोषणा के बाद अब मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपने की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *