पंजाबी गायक बूटा मोहम्मद की गाड़ी का एक्सीडेंट, ट्राले से टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त

जालंधर-अमृतसर हाईवे पर सूच्ची पिंड के पास मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। इंडियन ऑयल डिपो के नजदीक एक ट्राले और पंजाबी सिंगर बूटा मोहम्मद की गाड़ी के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि हादसे में गाड़ी में सवार परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।

हादसे के बाद सड़क पर मचा हंगामा
टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। आसपास मौजूद लोगों ने मामले की सूचना थाना रामामंडी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे करवाया। इसके बाद हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारू करवाया गया।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया
मौके पर पहुंचे एएसआई सुरजीत सिंह ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत करवाया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच मामला मौके पर ही सुलझा लिया गया। फिलहाल हादसे को लेकर पुलिस द्वारा जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *