लुधियाना में तेज रफ्तार टियागो EV कार ने सड़क पर एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोग बुरी तरह घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर करीब 30 फीट दूर सड़क पर जा गिरा। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावह तस्वीर साफ दिखाई दे रही है।
टक्कर के बाद हवा में उछला बाइक सवार
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सड़क पर ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आई सफेद रंग की टियागो EV ने आगे चल रहे वाहनों को टक्कर मारनी शुरू कर दी। कार की टक्कर लगते ही बाइक सवार करीब 15 फीट हवा में उछल गया और तीन गुलाटियां खाते हुए करीब 30 फीट दूर जाकर सड़क पर गिरा। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और आगे जा रहे दो ई-रिक्शा और एक एक्टिवा को भी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही एक ई-रिक्शा सड़क पर पूरी तरह पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चश्मदीद ने बताई कार की रफ्तार
हादसे के सामने आए वीडियो में बेकाबू कार सड़क पर आगे आने वाले वाहनों से टकराती हुई दिखाई दे रही है। एक चश्मदीद के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे ज्यादा रही होगी। हालांकि, कार की वास्तविक गति की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने चालक को पकड़ा, घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे के बाद कार चालक को पकड़ लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।









