पंजाब में सड़क पर रोती रही 5 साल की बच्ची, महिला ने लगातार मारे 6 थप्पड़

अमृतसर के जोड़ा फाटक के पास धर्मपुरा इलाके में 5 साल की मासूम बच्ची के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने बच्ची को बीच सड़क पकड़कर थप्पड़ मारे और जमीन पर गिराने के बाद उसे घसीटकर ले गई। बच्ची को बचाने पहुंची उसकी मां के साथ भी महिला ने कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दी। घटना का वीडियो गली में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बच्ची को पकड़कर लगातार मारे थप्पड़
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बच्ची गली में भाग रही है और उसकी मां उसके पीछे दौड़ रही है। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंचती है और बच्ची को पकड़ लेती है। आरोप है कि महिला ने बच्ची को एक के बाद एक करीब 6 थप्पड़ मारे। मारपीट के दौरान बच्ची जमीन पर गिर जाती है। इसके बाद भी महिला उसे उठाने के बजाय कथित तौर पर घसीटते हुए आगे ले जाती है। बच्ची के साथ हुई इस मारपीट को देखकर आसपास के लोग भी मौके की तरफ आने लगते हैं।

बच्ची को बचाने पहुंची मां को भी धमकाया
बेटी को पिटता देखकर उसकी मां तुरंत मौके पर पहुंची और महिला से बच्ची को छुड़ाने की कोशिश की। आरोप है कि महिला ने बच्ची की मां के साथ गाली-गलौज की और उसे धमकाते हुए वहां से हटने के लिए कहा। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने हस्तक्षेप करते हुए बच्ची को महिला के कब्जे से छुड़ाया।

परिजनों ने पुलिस से की शिकायत
घटना के बाद बच्ची के परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है। पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस CCTV फुटेज और शिकायत के आधार पर घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मारपीट की वजह और आरोपी महिला के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *