पाकिस्तान में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, रहमान बाबा एक्सप्रेस की कई बोगियां पटरी से उतरीं

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। कराची से पेशावर जा रही यात्री ट्रेन ‘रहमान बाबा एक्सप्रेस’ मुल्तान में शेर शाह पुल के पास पटरी से उतर गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 अन्य घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह 5:15 बजे पटरी से उतरी ट्रेन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 5 बजकर 15 मिनट पर हुआ। उस समय रहमान बाबा एक्सप्रेस कराची से पेशावर की ओर जा रही थी। मुल्तान के शेर शाह पुल के पास ट्रेन के पटरी से उतरने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहतकर्मियों ने यात्रियों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया।

5 यात्रियों की मौत, 30 घायल अस्पताल में भर्ती
पुलिस के अनुसार, हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि लगभग 30 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को मुल्तान के निश्तार अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बचाव अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन की 13 बोगियों को खाली करा लिया गया है। एक अन्य बोगी में राहत और बचाव कार्य जारी होने की जानकारी दी गई है।

हादसे से पहले बोगी के नट-बोल्ट ठीक करने का दावा
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक यात्री ने संवाददाताओं को बताया कि दुर्घटना से पहले रोहरी के पास ट्रेन की नौवीं बोगी के नट-बोल्ट की मरम्मत की गई थी। अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि कथित मरम्मत और ट्रेन के पटरी से उतरने के बीच कोई संबंध था या नहीं। हादसे की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जताया दुख
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रेल हादसे में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *