जालंधर नॉर्थ में AAP का बढ़ा फोकस, विनीत धीर ने खोला नया कार्यालय

पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर जालंधर में आम आदमी पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। जालंधर नॉर्थ हलके के इंचार्ज बनाए गए मेयर विनीत धीर ने लोगों से सीधा संवाद करने के लिए नया कार्यालय शुरू किया है। यह कार्यालय इंडस्ट्रियल एरिया में बाबा सोढल मंदिर के पास बनाया गया है।

नए कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पार्टी की ओर से इस कार्यालय के जरिए नॉर्थ हलके के लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने और स्थानीय मुद्दों पर काम करने की बात कही गई है।

विनीत धीर ने पार्टी लीडरशिप का जताया आभार
कार्यालय के उद्घाटन के दौरान विनीत धीर ने पार्टी लीडरशिप का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नॉर्थ हलके के लोगों की सेवा और उनकी समस्याओं को सुनने के उद्देश्य से यह कार्यालय शुरू किया गया है। नॉर्थ हलके में सड़क, सीवरेज और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं हैं। वह लगातार हलके के अलग-अलग इलाकों का दौरा कर रहे हैं और इस दौरान लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं।

सुबह 9 से 12 बजे तक नए ऑफिस में मिलेंगे विनीत धीर
मेयर विनीत धीर ने कहा कि आने वाले समय में जालंधर के दूसरे हलकों की तरह नॉर्थ हलके में भी विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जाएगा। वह सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक बाबा सोढल मंदिर के पास स्थित नए कार्यालय में लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे से शाम 5 बजे तक नगर निगम कार्यालय में मौजूद रहेंगे।

शाम को फिर जनता के बीच रहेंगे मेयर
विनीत धीर के अनुसार, शाम 5:15 बजे से रात 8:30 बजे तक वह दोबारा नए कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान नॉर्थ हलके के निवासी अपनी स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को उनके सामने रख सकेंगे। नए कार्यालय की शुरुआत ऐसे समय में हुई है जब आम आदमी पार्टी ने जालंधर नॉर्थ में अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाई हैं। ऐसे में यह कार्यालय पार्टी के जनसंपर्क अभियान के लिए भी अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *