दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों के दौरान अपने घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कमर कस ली है। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने विशेष रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं व यात्रियों की सुगम यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
डीआरएम संजीव कुमार ने लिया प्रबंधों का जायजा
व्यवस्थाओं को परखने के लिए डीआरएम (DRM) संजीव कुमार अपनी स्पेशल ट्रेन से जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचे। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि फिरोजपुर मंडल द्वारा कुल 15 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जो त्योहारों के दौरान कुल 98 फेरे लगाएंगी।इनमें अमृतसर से 5 जोड़ी, जालंधर सिटी से 1 जोड़ी, छेहाटा से 1 जोड़ी और फिरोजपुर कैंट से 2 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। यात्रियों की मांग बढ़ने पर ट्रेनों की संख्या और फेरे और बढ़ाए जा सकते हैं।
अमृतसर और जालंधर से चलने वाली मुख्य स्पेशल ट्रेनें
अमृतसर-कटिहार (05735): प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 1:25 बजे (27 नवंबर तक)।
अमृतसर-कोलकाता (04624): प्रत्येक बुधवार रात 8:10 बजे (25 नवंबर तक)।
अमृतसर-बरौनी (04668): प्रत्येक रविवार रात 8:10 बजे (29 नवंबर तक)।
अमृतसर-जयनगर (04652): प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार सुबह 10:55 बजे।
अमृतसर-छपरा (04638): प्रत्येक सोमवार शाम 7:40 बजे (30 नवंबर तक)।
जालंधर सिटी-बढ़नी (05006): प्रत्येक गुरुवार सुबह 10:50 बजे जालंधर से (26 नवंबर तक)।
प्लेटफार्मों पर दबाव घटाने के लिए बने अस्थायी वेटिंग एरिया
स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए फिरोजपुर मंडल कुल 3,700 वर्ग मीटर क्षेत्र में अस्थायी प्रतीक्षा स्थल (Waiting Area) बना रहा है। जालंधर सिटी स्टेशन के बाहर 400 वर्ग मीटर का विशाल अस्थायी वेटिंग एरिया तैयार किया गया है। इसी तरह लुधियाना में 2,500 वर्ग मीटर, ढंडारी कलां में 500 वर्ग मीटर और अमृतसर में 300 वर्ग मीटर में शेड बनाए गए हैं।
टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त स्टाफ और मोबाइल UTS की सुविधा
रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत के लिए टिकट काउंटरों और पूछताछ केंद्रों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की है। यूटीएस (UTS) ऐप और मोबाइल टिकट एजेंटों की भी मदद ली जा रही है। साथ ही, स्टेशनों पर खान-पान और दूध के स्टालों पर पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।









