सिंगर गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग का राज खुलने के करीब, 3 आरोपी पुलिस के कब्जे में

पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर हुई फायरिंग के मामले में पंजाब पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों आरोपी अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

12 सितंबर की रात घर पर बरसी थीं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, 12 सितंबर की रात करीब डेढ़ बजे गुलाब सिद्धू के फरवाही गांव स्थित पैतृक घर के बाहर बाइक सवार आरोपियों ने फायरिंग की थी। घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई थी। फुटेज में दिखाई दे रहा था कि आरोपी बाइक पर घर के बाहर पहुंचे और बाइक रोकने के बाद पीछे बैठे युवक ने घर की तरफ लगातार गोलियां चला दीं।

फायरिंग की इस घटना के दौरान गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी और CCTV फुटेज समेत अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

गुलाब सिद्धू पर पहले भी हो चुकी है हमले की कोशिश
गुलाब सिद्धू पर इससे पहले भी हमला करने की कोशिश हो चुकी है। इसी साल 10 जनवरी को हुए इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में सामने आया था कि इस हमले का कथित मास्टरमाइंड कोटदूना गांव का सरपंच बलजिंदर सिंह था। बताया गया था कि बलजिंदर सिंह गुलाब सिद्धू के ‘सरपंचिया’ गाने से नाराज था। इसी विवाद के बाद सिंगर पर हमले की कोशिश किए जाने की बात सामने आई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *