जालंधर के में नशे का खुला खेल: स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़े दो युवक, टीका लगाते वीडियो वायरल

जालंधर जिले के फिल्लौर इलाके से नशे की एक बेहद खौफनाक और झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां स्थानीय लोगों ने दो युवकों को सरेआम नशे का टीका (सिरींज से चिट्टा) लगाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। इस दौरान युवकों और स्थानीय लोगों के बीच लंबी बहस भी हुई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है, और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इसे लेकर पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला है।

रंगे हाथों पकड़े गए युवक, वीडियो में किया सनसनीखेज खुलासा
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक दूसरे की बाजू में सीरिंज से नशीला पदार्थ (चिट्टा) इंजेक्ट कर रहा था। जैसे ही स्थानीय लोग वीडियो बनाते हुए वहां पहुंचे, हड़बड़ाहट में युवक ने सीरिंज पूरी तरह दबाकर नसों में नशा उतार दिया और तेजी से सुई बाहर निकाल ली।

पकड़े गए युवकों के पास मौजूद एक बाइक पर ‘नार्दर्न रेलवे’ लिखा हुआ था। जब लोगों ने रेलवे में नौकरी के बारे में पूछा, तो उसने जवाब दिया कि उसके चाचा रेलवे में काम करते हैं। पूछताछ में युवकों ने बताया कि उन्हें किसी काले रंग के व्यक्ति ने ‘चिट्टा’ देने की बात कही थी, जिसके बाद वे उसे खरीदकर यहां ले आए।

लोगों के सामने गिड़गिड़ाए आरोपी, खाई मां की कसम
स्थानीय लोगों और युवकों के बीच करीब 5 मिनट तक तीखी बहस हुई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पकड़े गए लड़के लोगों के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ा रहे हैं। पुलिस के हवाले करने से डरते हुए उन्होंने भविष्य में कभी उस इलाके में नहीं आने और नशे से दूर रहने की कसम खाई। साथ ही, अपनी मां की कसम खाकर दोबारा यहां शक्ल न दिखाने का वादा किया और बड़ी मुश्किल से अपनी जान छुड़ाई।

स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, इलाका बन रहा ड्रग हॉटस्पॉट
वीडियो बनाने वाले स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कुछ समय पहले ही वे इसी जगह से दो अन्य लड़कों को भी खदेड़ चुके हैं। लोगों का आरोप है कि फिल्लौर, जालंधर और आसपास का पूरा क्षेत्र इन दिनों नशे का बड़ा हॉटस्पॉट बनता जा रहा है, लेकिन कानून व्यवस्था संभालने वाली पुलिस इस ओर से पूरी तरह आंखें मूंदे बैठी है।

हरसिमरत कौर बादल ने सरकार को घेरा
इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा नशे की दलदल में फंसकर बर्बाद हो रहे हैं, लेकिन मान सरकार कुंभकर्णी नींद सो रही है। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब को सिर्फ खोखले दावों की नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और प्रशासनिक जवाबदेही की जरूरत है, क्योंकि एक नशामुक्त भविष्य यहां के युवाओं का बुनियादी अधिकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *