काली स्कॉर्पियो में आए हमलावर, पहले पूछा पता फिर बरसा दी गोलियां; मोगा में डबल मर्डर

मोगा में गैंगवार के चलते खूनी वारदात सामने आई है। अंगदपुरा मोहल्ले में घर के बाहर खड़े चार युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस हमले में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका ICU में उपचार चल रहा है। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।

घर के बाहर खड़े युवकों पर अचानक बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, अंगदपुरा मोहल्ले के रहने वाले साहिल जिंदल उर्फ लंबी, गगन, राघव और गोरा रविवार शाम करीब 7:15 बजे अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार युवकों के पास हथियार थे। हमलावरों ने पहले वहां मौजूद युवकों से किसी के बारे में पूछा और फिर अचानक उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद चारों युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में गगन की मौत, साहिल ने लुधियाना में तोड़ा दम
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद गगन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल साहिल जिंदल को बेहतर इलाज के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। देर रात उपचार के दौरान साहिल ने भी दम तोड़ दिया।

राघव और गोरा की हालत नाजुक, ICU में चल रहा इलाज
फायरिंग में घायल राघव और गोरा की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। दोनों का अस्पताल के ICU में उपचार जारी है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जांच में हमले के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाले हमलावरों की पहचान और हमले के वास्तविक कारणों को लेकर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *