जालंधर में पूर्व पार्षद समराय और बॉबी शर्मा के बीच विवाद, जातिसूचक शब्द कहने का भी आरोप

जालंधर के बाबू लाभ सिंह नगर स्थित वार्ड नंबर 61 में सीवरेज की समस्या को लेकर विवाद खड़ा हो गया। यहां पूर्व पार्षद समराय और मौजूदा पार्षद मधुबाला के पति बॉबी शर्मा के बीच कहासुनी हो गई, जो कथित तौर पर हाथापाई तक पहुंच गई। पूर्व पार्षद ने बॉबी शर्मा और उनके परिवार पर मारपीट करने तथा जातिसूचक शब्द कहने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और परिवार ने प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। सूचना मिलने पर मेयर विनीत धीर और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

सीवरेज की समस्या को लेकर शुरू हुआ विवाद
AAP के पूर्व पार्षद समराय की पत्नी आशा समराय ने बताया कि इलाके में लंबे समय से सीवरेज की समस्या बनी हुई थी। उनके मुताबिक, इसी समस्या को लेकर विवाद हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्षद मधुबाला के पति बॉबी शर्मा मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।

आशा समराय ने आरोप लगाया कि बॉबी शर्मा, उनकी पत्नी मधुबाला और बेटे रोहित ने उनके साथ हाथापाई की। हालांकि, घटना को लेकर दूसरे पक्ष का बयान सामने आने और पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पूर्व पार्षद ने लगाए मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने के आरोप
पूर्व पार्षद समराय ने बताया कि देर रात दुकानदारों ने उन्हें फोन कर इलाके में सीवरेज की समस्या की जानकारी दी थी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और संबंधित जेई से बातचीत की। उनके अनुसार, सुबह से ही कर्मचारियों की मदद से सीवरेज का काम शुरू करवाया गया था।

समराय ने आरोप लगाया कि इसी दौरान बॉबी शर्मा के साथ उनका विवाद हो गया। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्द कहे गए। समराय ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें वकील के माध्यम से कार्रवाई करवाने की धमकी दी गई।

मेयर विनीत धीर के गले लगकर रो पड़े समराय
विवाद की सूचना मिलने के बाद मेयर विनीत धीर भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान पूर्व पार्षद समराय भावुक हो गए और मेयर के गले लगकर रोने लगे। उन्होंने मेयर के सामने आरोप लगाया कि उनके साथ धक्केशाही की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।

घटना के बाद इलाके के लोगों में नाराजगी देखने को मिली। परिवार की ओर से धरना लगाकर सड़क जाम कर दी गई, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की पूछताछ
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विवाद के कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *