लखनऊ में एक बेजुबान कुत्ते की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। तालकटोरा थाना क्षेत्र में बाइक सवार एक युवक ने राइफल से कुत्ते को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक बाइक रोककर राइफल से कुत्ते पर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। एक NGO की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुत्तों के भौंकने पर युवक ने रोकी बाइक
घटना सुबह करीब 6:30 बजे राजाजीपुरम इलाके में ग्रीन फील्ड स्कूल के पास की बताई जा रही है। CCTV फुटेज में एक युवक बाइक से आता दिखाई देता है। उसने नीले रंग की वर्दी और हेलमेट पहना हुआ है। उसके पहनावे से वह सिक्योरिटी गार्ड जैसा नजर आ रहा है।
लखनऊ में एक सिक्योरिटी गार्ड को कुत्तों ने दौड़ाया! सिक्योरिटी गार्ड ने कुत्ते को गोली मार दी !जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।… #Lucknow #CCTV #Dog https://t.co/2vN0D9w2cj
— Arun (आज़ाद) Chahal 🇮🇳 (@ArunAzadchahal) October 7, 2026
युवक के कंधे पर राइफल टंगी हुई थी। जैसे ही वह वहां से गुजरता है, आसपास मौजूद तीन कुत्ते उसे देखकर भौंकने लगते हैं। इसके बाद युवक अचानक बाइक रोक देता है और सड़क पर खड़ा हो जाता है।
राइफल में गोली डालकर कुत्ते पर कर दी फायरिंग
CCTV में दिखाई देता है कि युवक अपनी जेब से गोली निकालता है और उसे राइफल में डालता है। इसी दौरान कुत्ते लगातार भौंकते हुए उसकी तरफ आते दिखाई देते हैं। इसके बाद युवक एक कुत्ते पर गोली चला देता है। गोली लगते ही कुत्ता जमीन पर गिर जाता है और उसकी मौके पर ही मौत हो जाती है। फायरिंग के बाद युवक दोबारा बाइक पर बैठता है और वहां से फरार हो जाता है। घटना के दौरान सड़क से राहगीर भी गुजरते दिखाई दे रहे हैं।
NGO की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
घटना का वीडियो सामने आने के बाद एक NGO की ओर से तालकटोरा थाने में शिकायत दी गई। NGO ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तालकटोरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
CCTV से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि आरोपी की पहचान और उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









