पहले मांगे खाने के पैसे, फिर महिला को रुमाल थमाया; जालंधर में शातिरों ने ऐसे उड़ाए गहने!

जालंधर में ठगी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां खाने के लिए पैसे मांग रहे एक बुजुर्ग की मदद करना महिला को महंगा पड़ गया। आरोप है कि बुजुर्ग के साथ आए एक अन्य व्यक्ति ने महिला को बातचीत में उलझाया और कथित तौर पर रुमाल सुंघाकर उसकी सोने की चूड़ियां लेकर फरार हो गया। आरोपी वारदात के बाद बाइक पर सवार होकर मौके से निकल गए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मंदिर के पास महिला को रोककर मांगे खाने के पैसे
यह घटना जालंधर के दिलबाग नगर में राधा कृष्ण मंदिर के पास की है। पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय अंजना शर्मा इसी इलाके की रहने वाली हैं। वह मंदिर में माथा टेकने के बाद पास की गौशाला में रोटी डालने जा रही थीं। इसी दौरान मंदिर से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक बुजुर्ग ने उन्हें रोककर खाना खाने के लिए पैसे मांगे। महिला उससे बातचीत करने लगी। आरोप है कि इसी बीच एक अन्य व्यक्ति भी वहां पहुंच गया और दोनों ने महिला को बातों में उलझा लिया।

रुमाल सुंघाने के बाद चूड़ियां गायब होने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, बातचीत के दौरान बुजुर्ग ने उन्हें एक रुमाल दिया। महिला का आरोप है कि रुमाल सूंघने के बाद वह होश में होने के बावजूद समझ नहीं पाईं कि उनके साथ क्या हो रहा है। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी बाजुओं से सोने की चूड़ियां उतार लीं। आरोपी करीब साढ़े चार तोले की सोने की चूड़ियां लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से निकल गए। घटना का पता चलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने के एडिशनल एसएचओ गुरदीप चंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अहम सुराग दे सकती है।

पीड़िता के बयानों पर दर्ज होगा मामला
पुलिस के अनुसार, अंजना शर्मा के बयानों के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *