जालंधर में इस जगह लगेगी नई पटाखा मार्किट, सुरक्षा के सख्त निर्देश

आगामी दशहरा और दिवाली के त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जालंधर जिला प्रशासन ने शहर की अस्थायी पटाखा मार्केट के लिए जगह का अंतिम चयन कर लिया है। अब यह बाजार पठानकोट रोड स्थित गांव राओवाली में 5.5 एकड़ जमीन पर लगाया जाएगा। कई दिनों से जगह को लेकर जारी संशय के बाद प्रशासन के इस फैसले से पटाखा कारोबारियों और आम जनता को बड़ी राहत मिली है।

खड़ी फसल काटकर तैयार की जाएगी जमीन 
जिस जगह पटाखा मार्केट लगाने की मंजूरी दी गई है, वहां फिलहाल धान की फसल खड़ी है। बाजार तैयार करने के लिए सबसे पहले फसल की कटाई की जाएगी। फसल के नुकसान की भरपाई के लिए संबंधित किसान को प्रशासन और नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जा रहा है। फसल कटने के बाद जमीन को समतल करके दुकानों के निर्माण के लिए तैयार किया जाएगा।

दुकानें हाईवे, पेट्रोल पंप और रिहायशी इलाकों से रहेंगी दूर
हादसों को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पटाखा दुकानें हाईवे और रिहायशी इलाकों से कम से कम 50 मीटर, पेट्रोल पंप से 50 मीटर, फैक्ट्रियों से 15 मीटर और पार्किंग क्षेत्र से 15 मीटर की दूरी पर स्थापित की जाएंगी। हर दुकान के बीच कम से कम 3 मीटर का फासला रखना जरूरी होगा।

हर दुकानदार को अपनी दुकान के बाहर 4 फायर एक्सटिंग्विशर और 200 लीटर पानी का इमरजेंसी बैकअप रखना होगा। पटाखों की बिक्री का समय सुबह 10:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। नियम उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *